चार गांव की 2000 से अधिक आबादी को मिलेगा लाभ
चंबा,1 जनवरी : विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सोमवार को ग्राम पंचायत घटासनी में लगभग 1 करोड़ रुपए की राशि से निर्मित होने वाले तुलड़-कुडेरा संपर्क मार्ग का भूमि पूजन किया। जनसभा को संबोधित करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि इस मार्ग के निर्मित होने से तुलड़,कुडेरा,बासी, बनोइ गांव की 2000 से अधिक आबादी को सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा। कहा कि इस संपर्क सड़क मार्ग को बनोइ गांव तक विस्तार दिया जाएगा।
कुलदीप सिंह पठानिया ने भटियात विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के मात्र एक वर्ष के कार्यकाल में ही 26 संपर्क सड़कों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। जारी वित्त वर्ष के दौरान इन सड़क परियोजनाओं पर 134 करोड़ रुपए की धनराशि व्यय की जा रही है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि जून 2027 तक भटियात विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधा से वंचित सभी गांव को प्राथमिकता के आधार पर जोड़ा जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि ककीरा के लिए लगभग 24 करोड़ रुपये की राशि से निर्मित होने वाली सीवरेज योजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को जल्द स्वीकृति प्रदान की जाएगी। साथ में ऊपरी तथा निचली बडिंगी गांव को एक करोड़ 18 लाख की राशि से निर्मित होने वाली नई पेयजल योजना का भी जल्द लोकार्पण होगा। इस योजना के तहत 90 प्रतिशत से अधिक कार्य को संपूर्ण कर लिया गया है। कुलदीप सिंह पठानिया ने सड़क निर्माण को लेकर लोगों से भूमि दान देने का आग्रह भी किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने इस दौरान स्वेच्छा से भूमि दान करने वाले लोगों को शाल एवं टोपी भेंट कर सम्मानित भी किया। इससे पहले यहां पहुंचने पर विधानसभा अध्यक्ष का स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इसके उपरांत विधानसभा अध्यक्ष ने लोगों की समस्याएं भी सुनी तथा अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया व शेष समस्याओं को जल्द समाधान हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी तरुण मल्होत्रा, अध्यक्ष भटियात सोशल मीडिया विजय कुमार, एसडीएम पारस अग्रवाल, वन मंडल अधिकारी डलहौजी रजनीश महाजन, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग दिवाकर पठानिया, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग हर्षपुरी, विद्युत पंकज राठौर, खंड विकास अधिकारी मनीष चौधरी, उप प्रधान ककीरा बलविंदर साही सहित पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे ।