नाहन, 15 अप्रैल : 75वें हिमाचल दिवस पर नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में बतौर मुख्यातिथि बहुउददेशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने ध्वजा रोहण कर परेड़ की सलामी ली।
इस अवसर पर उन्होंने जिला वासियों को हिमाचल दिवस की शुभकामनाऐं देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के अस्तित्व में आने के उपरांत प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है, जिसके फलस्वरूप हिमाचल प्रदेश देश में पहाड़ी राज्य का मॉडल बनकर उभरा हैं। उन्होने इस अवसर पर हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार को श्रद्धांजलि देते हुए उनके द्वारा प्रदेश के निर्माण में दिए गए योगदान को भी याद किया।
इस अवसर पर सिरमौर जिला की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए ऊर्जा मंत्री ने बताया कि नगर परिषद नाहन देश में कलकत्ता के बाद दूसरी सबसे पुरानी नगर परिषद है, जिसके भवन निर्माण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा साढ़े 6 करोड़ रूपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिसका निर्माण कार्य प्रगति पर है। नाहन में डाक्टर वाई.एस. परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के भवन के निर्माण पर 261 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा रही है, जिसका निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा इस भवन के बनने से यहां मरीजों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि जिला सिरमौर में 43747 पात्र वृद्ध, विधवा और दिव्यांग व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा पैंशन पर 201 करोड़ 49 लाख रूपये व्यय किए गए तथा वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान ज़िला में 70 वर्ष से अधिक आयु के 8051 पात्र नागरिकों को लाभान्वित किया गया। जिला सिरमौर में अनुसूचित जाति उप योजना के अतंर्गत गत् वित वर्ष के दौरान 79 करोड़ 19 लाख रूपये की राशि विभिन्न विकास कार्यों के लिए स्वीकृत हुई, जिसमें माह दिसम्बर, 2021 तक 36 करोड़ 08 लाख रूपये की राशि व्यय की जा चुकी है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि जिला सिरमौर में चालू वित वर्ष के दौरान पेयजल, सिंचाई, सीवरेज, बाढ़ नियंत्रण योजनाओं पर लगभग 139 करोड़ रूपये की राशि व्यय की जाएगी, जिसमें पेयजल योजनाओं के निर्माण पर लगभग 11 करोड़ रूपये व्यय किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, जल जीवन मिशन के तहत 109 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे। इसी प्रकार, जिला में 11.65 करोड़ रुपए सिंचाई योजनाओं तथा 7.15 करोड़ रुपए मल निकासी योजनाओं पर व्यय किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, बाढ नियंत्रण योजना के तहत पांवटा साहिब में यमुना नदी के तटीयकरण के लिए 251 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि नाहन शहर के लिए गिरी पेयजल योजना पर 53 करोड़ की राशि व्यय की गई है जिससे इस शहर की 36323 जनसंख्या लाभान्वित हो रही है। चालू वित वर्ष के दौरान जिला में लोगों को पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए न्यू डेवेल्पमेंट बैंक के तहत 84 करोड़ रुपए की लागत से 4 योजनाएं क्रियान्वित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, एशियन डेवेल्पमेंट बैंक के तहत 41 करोड़ की लागत से 3 पेयजल योजनाएं भी निर्मित की जाएंगी।
इस अवसर पर सांसद लोकसभा सुरेश कश्यप, विधायक नाहन डॉ. राजीव बिन्दल, उपाध्यक्ष राज्य नागरिक आपूर्ति निगम बलदेव तोमर, अध्यक्ष राज्य कृषि विपणन बोर्ड बलदेव भंडारी, अध्यक्ष जिला परिषद सिरमौर सीमा कन्याल, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, भाजपा मण्डल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर, उपायुक्त सिरमौर रामकुमार गौतम, पुलिस अधीक्षक सिरमौर ओमापति जमवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।