रोनहाट,22 सितंबर : शिलाई विधानसभा क्षेत्र के रोनहाट में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष तथा शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव सिंह तोमर द्वारा जल शक्ति विभाग के उपमंडल कार्यालय का भूमि पूजन किया गया। इस दौरान रोनहाट में लाधि महल क्षेत्र के सैकड़ों लोगों द्वारा गर्मजोशी के साथ बलदेव तोमर का स्वागत किया गया।
जिसके बाद पनोंग में आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बलदेव सिंह तोमर को मोतीचूर के लड्डुओं से तौलकर उनका अभिनंदन किया गया। ढ़ोल नगाड़ों के साथ पनोंग बाज़ार में स्वागत रैली निकालकर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अपने कंधे पर उठाकर तोमर को कार्यक्रम स्थल तक पहुँचाया।
जनसभा को सम्बोधित करते हुए बलदेव सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के मार्गदर्शन में हिमाचल प्रदेश लगातार उन्नति और प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने शिलाई विधानसभा में अभूतपूर्व विकास करने के लिए और एक दिन में 200 करोड़ से ज़्यादा की लागत के शिलान्यास और लोकार्पण करने के लिए सीएम जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया।
शिलाई के विधायक हर्षवर्धन पर तंज कसते हुए बलदेव तोमर ने बताया कि साठ वर्षों तक शिलाई विधानसभा पर राज करने वाले आज शिलाई का विकास नहीं पचा पा रहे है। आजादी से लेकर आज तक शिलाई विस क्षेत्र को जानबूझकर पिछड़ा और अविकसित रखने वाले लोग अब बीजेपी सरकार द्वारा कराए गए एकमुश्त विकास कार्यों को देखकर बौखला गए है, और बेतुकी बयानबाज़ी करके क्षेत्र की जनता को भरमाने की कोशिश कर रहे है। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द मुख्यमंत्री का शिलाई विधानसभा क्षेत्र में सड़क मार्ग से एक और दौरा होना तय है जिसमें बचे हुए विकास कार्यों को पूरा किया जाएगा।
इस दौरान भाजपा मंडल शिलाई के अध्यक्ष सुरत सिंह चौहान, इंद्र सिंह ठाकुर, हरी सिंह ठाकुर, राजेंद्र तोमर, डीआर चौहान, गुमान पोज़टा, बलवीर ठाकुर, सुरेश पोज़टा, मान सिंह सिंगटा, दलीप पोज़टा, गंगा राम सिंगटा, सतपाल चौहान, दुली राम शर्मा आदि सेकडों भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थिति रहे।