नाहन,22 जुलाई: नाहन क्षेत्र में वन विभाग द्वारा इस वर्ष बरसात के सीजन में एक लाख पौधे रोपे जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा इस वर्ष नाहन क्षेत्र में किसानों की आय बढ़ाने के दृष्टिगत 50 हजार नींबू के पौघे लगाए जाएंगे। इस प्रकार वर्तमान बरसात के सीजन में नाहन क्षेत्र में करीब 1.50 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने यह जानकारी वीरवार को नाहन विधानसभा क्षेत्र के तहत सैन की सैर पंचायत के तालों में वन विभाग द्वारा आयोजित मंडल स्तरीय वन महोत्सव के अवसर पर कही।
डॉ. बिंदल ने इस अवसर पर वन वाटिका में पौधा भी लगाया। डॉ. बिंदल ने कहा कि गत वर्ष नाहन विधानसभा क्षेत्र में एक लाख नींबू के पौधे स्वयं सहायता समूह और पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से निशुल्क बांटे गए थे। इस साल भी नींबू के 50 हजार पौधे करीब 100 स्वयं सहायता समूहों और पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से नाहन विधानसभा क्षेत्र में निशुल्क बांटे जांएंगे।
नींबू का उत्पादन नाहन क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति के दृष्टिगत किसानों के लिए वरदान सिद्ध हो सकता है। नींबू का पौधा जंगली जानवरों, बंदरों आदि से सुरक्षित रहता है। जिस प्रकार हमारा शिमला, कुल्लू, और किन्नौर आदि क्षेत्र विश्व स्तर पर ‘‘फ्रुट बाउल’’ के रूप में बागवानों की आर्थिकी का आधार बना है ठीक उसी तरह हमारे नाहन विधानसभा क्षेत्र में नींबू का उत्पादन हमारे किसानों के लिए अत्यंत लाभप्रद सिद्ध होगा।
हमें पर्यावरण संरक्षण के लिए पौध रोपण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर निरंतर करते रहना चाहिए। इसके साथ ही हमें वन्य पौधों के अलावा, औषधीय पौधों के रोपण की तरफ भी लोगों को प्रेरित करना चाहिए, इससे जहां उनकी आर्थिक दशा सुदृढ़ होगी वहीं पर्यावरण संरक्षण भी होगा। इस अवसर पर डीएफओ नाहन सौरव ने डॉ . बिन्दल का स्वागत किया और नाहन डिवीजन में पौध रोपण सम्बन्धी कार्यों की जानकारी प्रदान की। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता, नगर परिषद के पार्षगण, सैन की सैर पंचायत के पंचायत प्रतिनिधियों के अलावा भाजपा पदाधिकारी और वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।