नाहन,08 जुलाई : सिरमौर में 102 बीघा भूमि पर 72000 पौधे रोपित किए जाएंगे जिसके लिए जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के बैनर तले पौधारोपण महाअभियान चलाया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त रामकुमार गौतम ने वीरवार को कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान दी। उन्होंने बताया कि राज्यपाल कार्यालय से जुलाई माह के दौरान बडे स्तर पर पौधारोपण करने के आदेश प्राप्त हुए हैं, जिसके अंतर्गत यह महाअभियान चलाया जाएगा।
आगामी वन महोत्सव पर इस महाअभियान की शुरुआत की जाएगी जिसके अंतर्गत पूरे जिला में पौधा रोपण किया जाएगा। इस महाअभियान के अंतर्गत जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के बैनर तले 24000 पौधे रोपित किए जाएंगे जबकि वन विभाग के अंतर्गत 48000 से अधिक पौधे रोपित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस पौधारोपण अभियान के अंतर्गत उपमंडल नाहन के धार क्यारी, जोहडों और खैरी चेंगण क्षेत्रों में लगभग 4 हेक्टेयर भूमि पर जबकि उपमंडल पच्छाद के बाग पशोग और चंदोली महलोग पंचायतों में लगभग 3 हेक्टेयर भूमि पौधा रोपण किया जाएगा। इसी प्रकार, उपमंडल राजगढ के शिलांजी में 2 हेक्टेयर भूमि पर, उपमंडल पांवटा साहिब के मानपुर देवडा में 2 हेक्टेयर भूमि पर, उपमंडल संगडाह के देवडीखडाह क्षेत्र में 2 हेक्टेयर भूमि पर तथा उपमंडल शिलाई के ग्वाली पश्मी में 2 हेक्टेयर भूमि पर पौधारोपण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, नगर पालिका परिषद नाहन के लगभग 16 स्थानों पर पौधा रोपण किया जाएगा और नाहन के जेल परिसर की 110 बीघा भूमि सहित जिला के सभी शिक्षण संस्थानों व आंगनबाड़ी केंद्रों में भी पौधारोपण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए जिला सिरमौर में सभी ग्राम पंचायत, नेहरू युवा केंद्र के सदस्य, एनसीसी व एनएसएस के सदस्य, सभी महिला मंडल व युवा मंडल, स्वयं सहायता समूह व गैर सरकारी संस्थाएं हिस्सा होंगे। इस बैठक में उपायुक्त ने सभी उपमंडल अधिकारियों को उपमंडल स्तर पर रेड क्रॉस कमेटी स्थापित करने के आदेश दिए और बडे स्तर पर लोगों को इस कमेटी में जोड़ने के लिए मेम्बरशिप लाइव चलाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने उपमंडल स्तर पर सभी विभागों को इस अभियान के लिए जिला वासियों को जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।
उन्होने बताया कि इस अभियान के दौरान कच्नार, चील, तूनी, शीशम, बॉस, आंवला, जामुन, अशोक, बेल, अर्जुन,नीम, आम, पीपल सहित अन्य मेडिसन पौधे भी रोपित किए जाएंगे ताकि जिला वासियों की आर्थिकी भी सुदृढ हो सके। उन्होंने बताया कि जिला में बंदरों से निजात पाने के लिए फलदायक पौधे रोपित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, जिला के नगर पालिका परिषद क्षेत्रों में पानी के नालों में जल शोधक पौधे रोपित किए जाएंगे। बैठक में उपायुक्त ने सभी मंडल अधिकारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, जिला की दुकानों में प्लास्टिक कैरी बैग पाये जाने पर बड़े स्तर पर चालान करने के आदेश दिए और जिला वासियों को प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने के लिए उपमंडल अधिकारियों को व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के आदेश दिए। इस बैठक में सहायक आयुक्त प्रियंका चंद्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।