रिकांगपिओ, 21 जून : नैसर्गिक सौंदर्य से परिपूर्ण किन्नौर जिले का भावा वैली की सुंदर मनोरम घाटी मुलिंग में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया।
समुद्रतल से 3265 मीटर की ऊंचाई पर आयोजित इस योग शिविर में विभिन्न स्थानों से आए करीब 50 योग साधको ने एक साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। इस दौरान हिमाचल प्रदेश वन निगम उपाध्यक्ष सूरत नेगी, जिला परिषद अध्यक्ष निहाल चारस , भाजपा पूह मंडल अध्यक्ष सुभाष नेगी , भाजपा कल्पा मंडल अध्यक्ष परविंद्र नेगी , किन्नौर भाजपा मीडिया प्रभारी सुशील मेहता मुख्य रूप से उपस्थित हुए। इस दौरान सभी लोगों ने योग प्राणायाम के साथ कई सूक्ष्म व्यायाम भी किए।
इस दौरान प्रदेश वन निगम उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने कहा कि योग से न केवल मन शांत होता है, बल्कि योग से कई बीमारियां भी दूर होती है। उन्होंने बताया कि जिला के दूरदराज क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य जहा योग का संदेश दूरदराज क्षेत्रों तक पहुंचना है, वहीं इन क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित भी करना है।
उन्होने बताया कि किन्नौर जिला के भावा वेली को स्पिति क्षेत्र से जल्द ही सड़क मार्ग से जोड़ने के लिए पूरी रूप रेखा तैयार की जा रही है। ताकि यहां के सुंदर क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से विकसित भी हो सके।