जीता सिंह नेगी/ रिकांगपिओ
जगत सिंह नेगी राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ की आठवीं त्रैवार्षिक बैठक केरल के तिरुवनंतपुरम के प्रियदर्शनी ऑडिटोरियम में भाग लेने के बाद रिकांगपिओ पहुंचे। किन्नौर अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ अध्यक्ष जगत सिंह नेगी ने रिकांगपिओ में कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर हुई बैठक में देश के कर्मचारियों के हित मे कई ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा हुई। नेगी ने कहा कि इस अधिवेशन में 22 राज्यों से करीब 800 कर्मचारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जिसमें हिमाचल से 18 कर्मचारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
नेगी ने कहा कि तीन दिवसीय अधिवेशन में कर्मचारियों से जुड़े ज्वलंत समस्याओं जैसे कि न्यू पेंशन योजना को लागू करना, राष्ट्रीय स्तर पर पूरे देश भर के कर्मचारियों को एक समान वेतन देने, एक समान सेवानिवृति की आयु को लागू करना, ठेका तथा आउट सोर्स प्रथा को तत्काल बंद कर नियमित भर्ती करना, करुणामूलक आधार पर सभी राज्यों में बिना शर्त रोजगार उपलब्ध करवाना, कर्मचारियों की बीमा राशि को 25 लाख रुपए करना, आयकर सीमा में छूट 8 लाख रुपए तक करने तथा वर्ष 2016 से देय वेतनमान सभी राज्यों विशेषकर पंजाब व हिमाचल प्रदेश में लागू करवाने की मांग सरकार से की गई।
रिकांगपिओ में जगत सिंह नेगी के साथ महासचिव बीसी नेगी, महासचिव चालक संघ किन्नौर वीर सिंह नेगी मौजूद थे। जगत सिंह नेगी ने कहा कि केंद्र तथा राज्यों द्वारा वेतन आयोग गठन को लेकर चर्चा हुई तथा मांग रखी कि वेतन आयोग के अपेक्षा एक ही वेज़ीज बोर्ड का गठन करवाने पर सहमति जताई गई। सरकार से उक्त बोर्ड राष्ट्रीय स्तर पर गठन करवाने की मांग की। अधिवेशन के अंत में महासंघ के चुनाव संपन्न हुए।
जिसमें हिमाचल प्रदेश से विपिन सिंह डोगरा को राष्ट्रीय अध्यक्ष, मध्यप्रदेश के विष्णु दत्त वर्मा को महामंत्री चुना गया। इस अधिवेशन को प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के महामंत्री एनआर ठाकुर, अध्यक्ष एनजीओ फेडरेशन किन्नौर जगत सिंह नेगी, प्रदेश अध्यक्ष आयुर्वेदिक कर्मचारी महासंघ सूरज नेगी, अध्यक्ष एनजीओ सोलन जेके ठाकुर, अध्यक्ष एनजीओ बिलासपुर इंद्र सिंह ने प्रतिनिधित्व किया।