रिकांगपिओ,15 अगस्त : जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह रिकांगपिओ के रामलीला मैदान में मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज व पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने की। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने ध्वजारोहण किया व भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड का नेतृत्व पुलिस विभाग के उप निरीक्षक आशा राम ने किया। परेड में भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल, हिमाचल पुलिस, गृह रक्षा पुरूष व महिला व गृह रक्षा बैंड की टुकड़ियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न हिस्सों से पारम्परिक वेश-भूषा के साथ स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि ने आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर मनाए जा रहे आजादी के अमृत महोत्सव पर उपस्थित जनों को शपथ भी दिलाई। इस दौरान हाल ही में किन्नौर जिला के बटसेरी तथा निगुलसरी में हुए दर्दनाक हादसों व प्रदेश के अन्य भागों में बरसात के मौसम के दौरान हुए हादसों में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए 2 मिनट का मौन रखा गया तथा समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी नहीं किया गया।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने इस अवसर पर सम्बोधित करते हुए कहा कि आजादी के उपरान्त देश ने हर क्षेत्र में उन्नति की है। जिस समय प्रदेश अस्तित्व में आया उस समय प्रदेश गरीबी व पिछड़ेपन के दौर से गुजर रहा था परन्तु आज प्रदेश यहां के परिश्रम व मेहनतकश लोगों के कठिन परिश्रम के कारण पहाड़ी राज्यों में ही नही बल्कि देश के बड़े राज्यों में भी विकास का माॅडल बन कर उभरा है।
मुख्य अतिथि ने इस अवसर पर कोविड काल में बेहतरीन कार्य करने व अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मनित किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी, हिमाचल प्रदेश गौ-सेवा आयोग के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष निहाल चारस, भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव हारा, अध्यक्ष कल्पा भाजपा मंडल परवींद्र नेगी, अध्यक्ष पूह भाजपा मंडल सुभाष चंद, अध्यक्ष निचार भाजपा मंडल संजय नेगी, कल्पा पंचायत समिति अध्यक्ष गंगा राम नेगी, उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक, पुलिस अधीक्षक एस.आर.राणा, वनमण्डलाधिकारी रजनोल्ड राॅयस्टन, उपमण्डलाधिकारी कल्पा स्वाति डोगरा, सहायक आयुक्त मुनीष कुमार शर्मा, उपनिदेशक एवं परियोजना अधिकारी ग्रामीण विकास अभिकरण जयवंती ठाकुर, जिला परिषद सदस्य व विभिन्न पंचायत समिति के सदस्यों सहित गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।