जनमंच, जनता का मंच: सुरेश भारद्वाज…

अमरप्रीत सिंह/सोलन
शिक्षा, संसदीय मामले तथा विधि मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि जनमंच जनता का मंच है। जिसे जनता के लिए प्रदेश सरकार द्वारा कार्यान्वित किया जा रहा है। सुरेश भारद्वाज ने यह बात आज जिला के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नवांग्राम में आयोजित जनमंच की अध्यक्षता करते  हुए कही। जनमंच के आरंभ में लोगों को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का जनमंच के विषय में संदेश भी सुनवाया गया।

सुरेश भारद्वाज जनमंच की अध्यक्षता करते हुए
          सुरेश भारद्वाज ने कहा कि जनमंच के माध्यम से लोगों को उनके घरद्वार के समीप अपनी समस्याओं का विश्वसनीय हल प्राप्त हो रहा है। यही जनमंच की सार्थकता है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर स्वयं जनमंच का अनुश्रवण कर रहे हैं। यह सुनिश्चित बनाया जा रहा है कि अधिक से अधिक समस्याओं का निपटारा जनमंच के दौरान ही हो जाए। उन्होंने कहा कि जो समस्याएं किसी कारणवश जनमंच में नहीं सुलझाई जा सकती उनका निपटारा निर्धारित समयावधि में किया जा रहा है।
       शिक्षा मंत्री ने कहा कि गांव के प्रत्येक गरीब व्यक्ति की समस्या का समाधान करना जनमंच का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि जनमंच में लोगों के विभिन्न राजस्व संबंधी प्रमाण पत्र तुरंत बन रहे हैं और यह सुनिश्चित बनाया जा रहा है कि लोगों को जनमंच के माध्यम से सही समाधान प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विभिन्न कार्यों को समयबद्ध किया जाए। सुरेश भारद्वाज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव से पूर्व अपने स्वर्णिम दृष्टि पत्र में जनमंच की परिकल्पना की थी। सत्ता में आते ही प्रदेश सरकार ने न केवल इस परिकल्पना को साकार किया बल्कि यह सुनिश्चित बनाया कि जनमंच आम लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप सफल रहे।
          उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के कमजोर वर्गों तक समय पर विभिन्न योजनाओं के लाभ पहुचांने के लिए प्रतिबद्ध है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए विभिन्न योजनाएं समयबद्ध कार्यान्वित की जा रही है।
सुरेश भारद्वाज ने उपायुक्त सोलन, उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ एवं विभिन्न राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व संबंधी विभिन्न समस्याओं को समय सीमा के अनुरूप सुलझाएं। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि समूचे क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाले तथा खड्डों में गंदा पानी छोड़ने वाले उद्योगों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न पंचायत प्रधानों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि ग्राम स्तर की विभिन्न समस्याओं को ग्राम वासियों की सहमति के अनुसार सुलझाने का प्रयास करें।
        सुरेश भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश सरकार विभिन्न ज्वलंत समस्याओं के समाधान के लिए नियमों का सरलीकरण कर रही है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में समग्र विकास के लिए आवश्यकतानुसार धन उपलब्ध करवाया है। बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र में समुचित विकास के लिए बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण को 76 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों को लाभ पहुंचाने के दृष्टिगत सामाजिक सुरक्षा पैंशन की आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष कर दिया है। सरकार के इस एक निर्णय से ही 1.50 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित हुए हैं। वर्तमान में इस आयुवर्ग के 11 हजार से अधिक नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा पैंशन प्राप्त हो रही है। पूर्व में केवल 3 हजार लोगों को ही यह पैंशन मिल रही थी।
       अधिकारियों से आग्रह किया कि वे जनमित्र बनकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी एवं कर्मचारी प्रदेश सरकार की रीढ़ हैं। इनके माध्यम से राज्य सरकार आम आदमी तक लाभ पहुंचा सकती है। उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने कहा कि शेष बची विभिन्न समस्याओं का समाधान समयबद्ध सीमा में किया जाएगा।
         इस अवसर पर शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद प्रो. वीरेंद्र कश्यप, दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी, नालागढ़ के पूर्व विधायक एवं जिला भाजपा अध्यक्ष केएल ठाकुर, नालागढ़ के विधायक लखविंद्र राणा, प्रदेश जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सिंह सैणी, एपीएमसी सोलन के अध्यक्ष संजीव कश्यप, भाजपा के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी, उपायुक्त सोलन विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक बद्दी बिंदू रानी सचदेवा, जिले के अन्य सभी वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में विभिन्न पंचायतों के निवासी उपस्थित थे।

Posted

in

,

by

Tags:

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *