रिकांगपिओ, 11 नवंबर : आजादी के 75वें अमृत महोत्सव पर किन्नौर जिला के रिकांगपिओ में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय जनजातीय नृत्य प्रतियोगिता व 5 दिवसीय क्राफ्ट मेले का आयोजन 20 नवम्बर से 24 नवम्बर तक रिकांगपिओ स्टेडियम में किया जाएगा। राज्य स्तरीय जनजातीय नृत्य प्रतियोगिता व क्राफ्ट मेले का उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 20 नवम्बर, 2021 को करेंगे। क्राफ्ट मेला 5 दिन (20 नवम्बर से 24 नवम्बर, 2021) तक रहेगा।

आयोजन के दौरान प्रदेश के जनजातीय उपमंडलों के 8 नृत्य दल नृत्य प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसके अलावा इन्हीं क्षेत्रों के हथकरघा, हस्तशिल्प उत्पादों की 5 दिवसीय प्रदर्शनी लगाई जाएगी जिसके लिए 20 स्टॉल स्थापित किए जाएंगे। आजादी के 75वें अमृत महोत्सव पर रिकांगपिओ में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय जनजातीय नृत्य प्रतियोगिता व क्राफ्ट मेले का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण सुनिश्चित बनाने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को जनजातीय क्षेत्रों की समृद्ध संस्कृति, रीति-रिवाज, पहनावा, वेश-भूषा और जनजातीय क्षेत्रों में तैयार किए जाने वाले हथकरघा उत्पादों के साथ-साथ हस्तशिल्प उत्पादों जिनमें लकड़ी पर की जाने वाली नक्काशी, जेवरात, विभिन्न उत्सवों व त्यौहारों में प्रयोग किए जाने वाला सामान इत्यादि के बारे में बताना है।
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र विश्व भर में अपनी समृद्ध संस्कृति के लिए जाने जाते हैं। यहां वर्ष भर मनाए जाने वाले तीज, त्यौहार व मेले बाहरी दुनिया के लोगों को अनायास ही अपनी और आकर्षित करने की क्षमता रखते हैं। इनकी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर से आम लोगों को रू-ब-रू करवाना इस राज्य स्तरीय जनजातीय नृत्य प्रतियोगिता व 5 दिवसीय क्राफ्ट मेले का उद्देश्य है।
Leave a Reply