रिकांगपिओ, 18 अक्तूबर : हिमाचल के जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए किन्नौर पहुंचे। मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने कारगिल युद्ध को एक सामान्य युद्ध बताया जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है। उनके इस बयान से सेना से संबंध रखने वाले सभी व्यक्ति आहत है।
उन्होंने कहा कि कारगिल के उस अघोषित युद्ध में जहां सैंकड़ों सैनिकों ने देश के लिए जान न्योछावर की वहीं वर्तमान में भाजपा प्रत्याक्षी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने भी युद्ध के दौरान अपनी टीम को लीड करते हुए दुश्मन के सैनिकों को सरजमीं से खदेड़ने में अहम भूमिका निभाई।
मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रतिभा सिंह के सासंद रहते किन्नौर में कोई विकास नहीं हुआ है जबकि सासंद रहे स्व रामस्वरूप शर्मा ने किन्नौर में समान विकास किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय क्षेत्रों में लोगों की लंबित पड़ी मांग सहित एफआरए पर जल्द स्थाई समाधान निकालने के लिए ठोस पग उठा रही है ताकि नॉतोड़ व एफआरए के माध्यम से लोगों को भूमि का मालिकाना हक मिल सके।
इसी तरह जिला में सिंचाई सुविधा को ओर सुदृढ़ करने लिए विभाग के अधिकारियों को आदेश दिए गए है कि सिंचाई के बड़े प्रोजेक्ट तैयार कर सरकार के समक्ष लाए ताकि लोगों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा मिल सके। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से किन्नौर में बागवानी को सुदृढ़ करने के लिए मिले 50 करोड़ की राशि से जिला में सीए स्टोर के अलावा सेब की नई प्रजाति व नई तकनीक विकसित करने के लिए पग उठा रही है। इस अवसर पर प्रदेश वन निगम उपाध्यक्ष सूरत नेगी, जिला भाजपा अध्यक्ष संजीव हारा व मीडिया प्रभारी सुशील मेहता भी मौजूद थे।