कुशियार-गलोल के लिए सवा करोड़ की सिंचाई योजना स्वीकृत… 

एमबीएम न्यूज़ / हमीरपुर

उपमंडल के कुशियार-गलोल गांवों के किसानों को आने वाले समय पर बारिश पर निर्भर नहीं रहना होगा। लगभग सवा करोड़ रुपए की राशि से बनने वाली कुशियर-गलोल सिंचाई योजना से उनके खेतों में फसलें और बेमौसमी सब्जियां लहलहाएंगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ग्रामीणों की मांग को मद्देनजर रखते हुए यह सिंचाई योजना स्वीकृत की है। सुक्खू ने शुक्रवार को धनेटा में धन्यवाद कार्यक्रम के दौरान इस योजना के लिए बजट स्वीकृत करने की घोषणा की।

जनसभा के दौरान नादौन विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू
  विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान सुक्खू ने किटपल, झलान, भदरूं और मनसाई में भी जनसभाएं कर लोगों को चुनावों में जीत दिलाने के लिए धन्यवाद किया। सुक्खू ने कहा कि कुशियार व गलोल क्षेत्र में सिंचाई का कोई साधन उपलब्ध नहीं है। लोगों की लंबे समय से मांग थी कि सिंचाई परियोजना स्वीकृत की जाए। उन्होंने लोगों के दुख-दर्द को न केवल समझा बल्कि एक करोड़ 18 लाख रुपए सिंचाई परियोजना के लिए मंजूर भी कर दिए हैं।
  राशि स्वीकृत कर सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को योजना का काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं। पूरे विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई योजनाओं पर पचास करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। ताकि लोग रबी और खरीफ की फसलों के साथ ही सब्जियां व अन्य नकदी फसलें उगाकर अपनी आर्थिक स्थिति भी मजबूत कर सकें। उन्होंने पचास करोड़ रुपए का बजट तो सिंचाई परियोजनाओं के लिए निर्धारित किया ही है। वह विधायक प्राथमिकता के तहत भी पेयजल और सिंचाई योजनाएं लाएंगे और बजट मुहैया कराया जाएगा। सुक्खू ने कहा कि क्षेत्र का विकास उनका ध्येय है। वृह्द सिंचाई परियोजना का कार्य भी अंतिम चरण में है।
  इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, बीडीसी चेयरमैन सुनील शर्मा, धनेटा से सतप्रकाश नंदा, प्रधान पवना कुमारी, पूर्व प्रधान सुभाष शर्मा, झलान के प्रधान सरवण कुमार, पूर्व प्रधान मुख्तियार सिंह, अवतार सिंह, भदरुं की प्रधान प्रोमिला देवी, सदोह से कैप्टन रोशन लाल, कैप्टन मनसा राम व किशोरी लाल इत्यादि उपस्थित रहे।
भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरू को किया याद
विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जनसभाओं के दौरान शहीदी दिवस पर भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरू की शहादत को भी याद दिया। सुक्खू ने कहा कि इनका देश की आजादी में अहम योगदान है। देश के लिए इनकी कुर्बानी को भुलाया नहीं जा सकता। वन इन वीरों की देश के लिए शहादत को शत-शत नमन करते हैं।

by

Tags:

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *